बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में सोमवार को जिला सत्र न्यायालय में बम होने की सूचना मिलने से हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक न्यायालय परिसर में बम रखे जाने की सूचना ई-मेल के माध्यम से प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।

सुरक्षा के मद्देनजर न्यायालय में पेशी के लिए पहुंच रहे अधिवक्ताओं और न्यायाधीशों को कुछ समय के लिए न्यायालय परिसर में प्रवेश करने से रोक दिया गया। इसके साथ ही आम लोगों की आवाजाही भी सीमित कर दी गई।
पुलिस ने जयस्तंभ चौक से जिला न्यायालय के मुख्य द्वार, तहसील कार्यालय और आसपास के क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर नाकेबंदी कर दी है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की टीम द्वारा पूरे न्यायालय परिसर की सघन जांच की जा रही है।
प्रशासन ने बम की सूचना को गंभीरता से लेते हुए यह एहतियाती कदम उठाया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और जिस ई-मेल से सूचना भेजी गई है, उसके स्रोत का भी पता लगाया जा रहा है।

