बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में इस साल समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रक्रिया 17 नवंबर से शुरू होगी। इस बार जिले में खरीदी व्यवस्था को और सुचारु बनाने के लिए 22 नए केंद्र जोड़े गए हैं। अब जिले की 144 सेवा सहकारी समितियों के माध्यम से कुल 160 धान खरीदी केंद्रों में किसानों से धान की खरीदी की जाएगी।

खरीदी केंद्रों की तैयारी अंतिम चरण में
जिले के सभी खरीदी केंद्रों पर सफाई और तैयारी का काम तेजी से चल रहा है। जिला प्रशासन ने सभी नोडल और सहायक नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि खरीदी शुरू होने से पहले सभी केंद्र पूरी तरह तैयार हों। दीपावली और मातर उत्सव के बाद अब किसान बड़ी संख्या में अपने खेतों में कटाई-मिंजाई में जुट गए हैं। कई स्थानों पर धान की फसल पूरी तरह पककर तैयार है।
धान पंजीयन के लिए सिर्फ 6 दिन शेष
समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए पंजीयन अनिवार्य किया गया है। जिन किसानों ने अब तक पंजीयन नहीं कराया है, वे 31 अक्टूबर तक अपनी नजदीकी सेवा सहकारी समिति में जाकर पंजीयन करा सकते हैं। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अनुसार, अब तक 1 लाख 40 हजार से अधिक किसानों ने पंजीयन प्रक्रिया पूरी कर ली है।
नवीन सेवा सहकारी समितियां
इस वर्ष जो नई समितियां गठित की गई हैं, उनमें दरबारी नवागांव, खपरी, चंदनबिरही, सनौद, पेंडरवानी, बहनी, ठेमाबुजुर्ग, नलकसा, सुरडोंगर, भर्रीटोला, खलारी, बिटाल, चिखली, झरनटोला, परसाडीह, भुरकाभाट, डुंडेरा, कमरौद, माहुद (अ.), सरेखा, तिलोदा और खोलझर शामिल हैं।
अधिकारियों का दावा: समय पर पूरी होंगी तैयारियां
जिला नोडल अधिकारी चिंताराम रावटे ने बताया कि सभी खरीदी केंद्रों में तैयारी कार्य जारी है और 17 नवंबर से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएंगी। उनका कहना है कि इस बार नई समितियों और अतिरिक्त केंद्रों के कारण किसानों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी।
स्रोत: जिला प्रशासन, बालोद
रिपोर्टर: Anchal Times Digital Desk
